छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़: सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को किया ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर शुक्रवार सुबह से ही नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। अबूझमाड़ के दुर्गम जंगली क्षेत्र में चल रहे इस नक्सल विरोधी अभियान में अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। घटनास्थल से सुरक्षा बलों ने एक एके-47 और एक इंसास राइफल सहित अन्य युद्धक सामग्री बरामद की है। हालांकि, हताहत हुए नक्सलियों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ते सी-60 को अबूझमाड़ के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्चिंग और डोमिनेटिंग ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाला। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग अब भी जारी है।
अबूझमाड़ का यह इलाका भौगोलिक रूप से अत्यंत दुर्गम और लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का केंद्र रहा है। नक्सलियों की उपस्थिति की संभावना को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मारे गए नक्सलियों की पहचान और बरामद सामान का विस्तृत विवरण साझा किया जाएगा।



