रोजगार मेला: गुणवत्ता निरीक्षक के 50 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित, 20 हजार तक मिलेगा वेतन

एमसीबी। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा 20 फरवरी 2026, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था चिरमिरी में निःशुल्क रोजगार मेला और प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार निजी क्षेत्र की कंपनी मेसर्स श्री क्वालिटी सर्विसेज, सिद्धेश्वर क्लासिक, हनुमान मंदिर रोड, पुणे द्वारा क्वालिटी इंस्पेक्टर के 50 रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों के लिए आईटीआई, डिप्लोमा, बीएससी, बीई या बीटेक योग्यता रखने वाले महिला और पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और कार्यस्थल पुणे रहेगा।
प्लेसमेंट कैम्प में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को ई रोजगार पोर्टल या सीजी रोजगार पंजीयन मोबाइल एप के माध्यम से पूर्व पंजीयन कराना अनिवार्य है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही कैम्प में प्रवेश मिलेगा।
अभ्यर्थियों को शैक्षणिक और तकनीकी प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र यदि लागू हो, रोजगार कार्यालय पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि और स्थान पर उपस्थित होना होगा।



