मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर घायल

बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के गोटूलमुड़ा गांव में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय चम्पूलाल गोयल अपनी पत्नी सुमित्रा के साथ जंगल में महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। हमले में चम्पूलाल गोयल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही।
घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।



