जमीन विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, गौरेला पेंड्रा मरवाही के जिला अस्पताल में तोड़ा दम

गौरेला पेंड्रा मरवाही। जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। कोरबा जिले के पसान थाना अंतर्गत सेन्हा गांव में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक को गंभीर अवस्था में पड़ोसी जिले गौरेला पेंड्रा मरवाही के जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सेन्हा निवासी कल्याण और उसके छोटे भाई दयाराम के बीच जमीन विवाद को लेकर काफी समय से तनातनी चल रही थी। गुरुवार शाम इसी विषय पर दोनों के बीच पुनः बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान आवेश में आकर कल्याण ने दयाराम पर डंडे से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने किसी की बात नहीं मानी।
गंभीर रूप से घायल दयाराम को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
एसआई अरविंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


