बस्तर में भूकंप के झटके, ओडिशा के कोरापुट में रहा केंद्र, कोई जनहानि नहीं

जगदलपुर। बस्तर सहित आसपास के कई इलाकों में बीती रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप रात 11 बजकर 31 मिनट पर आया, जिसका केंद्र ओडिशा के कोरापुट में था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई और इसकी गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे बताई गई है।
झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में झटके थमने पर लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, बस्तर क्षेत्र को आमतौर पर भूकंप के लिहाज से अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है, ऐसे में इस घटना ने लोगों के साथ साथ विशेषज्ञों का ध्यान भी आकर्षित किया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और प्रशासन द्वारा किसी भी आपात स्थिति के लिए निगरानी रखी जा रही है।



