कवर्धा में फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रों ने सड़कों पर किया खतरनाक स्टंट, रायपुर से किराए पर मंगाई गई थीं लग्जरी गाड़ियां

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के चरोदा मार्ग पर स्कूली छात्रों द्वारा चलती गाड़ियों में खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 5 फरवरी का है जब कवर्धा के होली किंगडम स्कूल में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया था। इस पार्टी में शामिल होने के लिए छात्रों ने अपना टशन दिखाने के उद्देश्य से रायपुर से थार, स्कॉर्पियो और सेल्टोस जैसी महंगी लग्जरी गाड़ियां किराए पर मंगवाई थीं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर चलती गाड़ियों के दरवाजों से बाहर लटके हुए हैं, जबकि कुछ छात्राएं गाड़ियों के सनरूफ से बाहर निकलकर खड़ी हैं।
सड़क पर सरेआम की गई इस स्टंटबाजी ने न केवल छात्रों की सुरक्षा को खतरे में डाला, बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी बड़ी दुर्घटना का जोखिम पैदा कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ये सभी गाड़ियां रायपुर की एक ट्रेवल एजेंसी से किराए पर ली गई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो में नजर आ रही गाड़ियों की पहचान कर ली है। पुलिस प्रशासन ने संबंधित छात्रों और उनके अभिभावकों को थाने तलब किया है। अधिकारियों का कहना है कि यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही बरतने के मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



