दुर्ग: भोईपारा में पिता-पुत्र की संदिग्ध मौत, सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर चला घटना का पता

दुर्ग। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के आपापुरा स्थित भोईपारा इलाके में शनिवार को किराए के मकान से पिता और पुत्र के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के जहर खाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 70 वर्षीय अरुण टंडिया और उनके 35 वर्षीय बेटे पंकज टंडिया के रूप में हुई है। दोनों कुछ महीने पहले ही भोईपारा के एक किराए के मकान में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के किसी दूसरे इलाके में निवास करते थे।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। आसपास के लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय पार्षद को सूचना दी गई। पार्षद ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर पिता और पुत्र के शव पड़े मिले। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



