दुर्ग: अमृत जल जीवन मिशन के एसडीओ पर रिश्वत मांगने का आरोप, रकम लेते वीडियो वायरल

दुर्ग। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। दुर्ग जिले में अमृत जल जीवन मिशन के तहत पदस्थ एसडीओ एमए खान पर एक ठेकेदार से रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। ठेकेदार ने बिल पास कराने के एवज में मांगी गई 1 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत देते हुए पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, एसडीओ एमए खान द्वारा ठेकेदार से प्रत्येक बिल पास करने के बदले 11 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी। जब ठेकेदार ने कमीशन देने से इनकार किया तो उसका भुगतान रोक दिया गया। लगातार बिल अटके रहने से परेशान ठेकेदार ने एसडीओ को रिश्वत दी और इस दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में एसडीओ एमए खान स्पष्ट रूप से रकम लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अब तक इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन एसीबी ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिले के अधिकारियों से संपर्क शुरू कर दिया है। एसीबी द्वारा वायरल वीडियो से संबंधित जानकारी मंगाई जा रही है और प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया चल रही है।



