होली से पहले दुर्ग पुलिस का सख्त संदेश: सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर आर्म्स एक्ट के तहत केस

दुर्ग-भिलाई। होली पर्व से पहले दुर्ग जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। विशेष मॉनिटरिंग और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियारों के साथ फोटो-वीडियो अपलोड करने वाले 27 युवकों की पहचान की गई। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ छावनी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है, जबकि अन्य के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार त्योहार के मद्देनजर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान तकनीकी सेल और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीमों को ऐसे कई अकाउंट मिले, जिनमें युवक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से धारदार हथियार मंगाकर उनके साथ रील्स और तस्वीरें साझा कर रहे थे। इन पोस्ट में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया जा रहा था, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हो रही थी।
जांच में सामने आया कि कुछ युवकों ने होली से पहले स्टेटस सिंबल और रुतबा दिखाने के उद्देश्य से हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड किए थे। पुलिस ने डिजिटल ट्रेसिंग, लोकेशन विश्लेषण और स्थानीय थानों के समन्वय से आरोपियों की पहचान की। कई युवकों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।
छावनी थाना क्षेत्र में अभियान के दौरान दो युवकों के पास से धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हथियार जब्त कर लिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखना और उनका सार्वजनिक या डिजिटल मंच पर प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है, जिसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।
कार्रवाई के साथ पुलिस ने जागरूकता पर भी जोर दिया। करीब 300 युवकों और उनके अभिभावकों को थानों में बुलाकर समझाइश दी गई कि अवैध हथियार खरीदना, रखना या सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और इससे भविष्य प्रभावित हो सकता है। नाबालिगों द्वारा अपलोड की गई आपत्तिजनक पोस्ट उनके परिजनों की मौजूदगी में हटवाई गईं और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी गई।
सबसे अधिक कार्रवाई छावनी थाना क्षेत्र में की गई, जहां छह युवकों के खिलाफ कदम उठाए गए। इसके अलावा मोहन नगर थाना में चार, जामुल थाना में तीन, कोतवाली दुर्ग और मोहन नगर में दो-दो मामलों में कार्रवाई हुई। सुपेला, भिलाई नगर, नेवई, पुरानी भिलाई, उतई, नंदिनी नगर और धमधा क्षेत्रों में भी एक-एक मामला चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाए गए।
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने, ऑनलाइन मंगाने या सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की इस कार्रवाई को आम नागरिकों ने स्वागतयोग्य बताया है। त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर बढ़ती भ्रामक और उकसाऊ पोस्ट के बीच यह अभियान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



