नशे में दुकान में घुसाई कार, आरक्षक से अभद्रता के आरोप में संदीप कंवर पर एक और मामला दर्ज

कोरबा। पूर्व गृह मंत्री ननकी कंवर के बेटे संदीप कंवर के खिलाफ कोरबा में एक और मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कोतवाली थाने में पदस्थ एक आरक्षक की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार इतवारी बाजार क्षेत्र में एक कार के दुकान में घुसने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद आरक्षक ने जब संदीप कंवर से पूछताछ की तो उन्होंने आरक्षक के साथ गाली गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
घटना के बाद पुलिस ने संदीप कंवर की अल्कोहल मीटर से जांच की, जिसमें वह शराब के नशे में पाए गए। कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरक्षक की शिकायत पर संदीप कंवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार में संदीप कंवर तेज रफ्तार कार चलाते हुए नशे की हालत में एक दुकान में घुस गए थे। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से गाली गलौज करते हुए विवाद किया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें कोतवाली थाने ले आई। वहां भी उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि संदीप कंवर ने अपने पिता का प्रभाव दिखाते हुए पुलिस से कहा कि जो करना है कर लो। इसके बाद वह गाली गलौज करते हुए थाने से ही अपनी गाड़ी लेकर निकल गए।



