शिक्षित बेरोजगारों के लिए जिला प्रशासन की पहल, 23 मार्च को रोजगार मेले का आयोजन

एमसीबी। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र मनेन्द्रगढ़ के तत्वावधान में 23 मार्च 2026 को रोजगार मेला और प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा।
यह प्लेसमेंट कैंप जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रोजगार मेले में परिश्रम ह्यूमन रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम द्वारा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए मीटर इंस्टॉलेशन के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और उनका कार्यक्षेत्र छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में रहेगा।
जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। इसमें भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को ई रोजगार पोर्टल या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध सीजी रोजगार पंजीयन एप के माध्यम से पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। केवल पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने की पात्रता दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिले के योग्य और इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और रोजगार मेले में शामिल होकर निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ लेकर अपने भविष्य को सशक्त बनाएं।



