कांग्रेस भवन में ही विवाद, पदाधिकारियों के बीच जमकर मारपीट, कई घायल

महासमुंद। कांग्रेस भवन गुरुवार को अखाड़े में तब्दील हो गया, जब पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद विजय साव के बीच पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कांग्रेस कार्यकर्ता निर्मल जैन से जूतम-पैजार हो गई। इस मारपीट में भवन में रखी प्लास्टिक की कुर्सियां और कांच के गिलास टूट गए। हालात गंभीर देखते हुए पुलिस को बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस भवन में दोपहर दो बजे महंगाई को लेकर जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव की पत्रकार वार्ता आयोजित की गई थी। इसमें पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, शहर अध्यक्ष गुरमीत चावला, गणेश शर्मा, विजय बंजारे, सोना बंसोड़, लक्ष्मण पटेल, विजय साव, अमन चंद्राकर, नितेंद्र बैनर्जी, ढेलू निषाद, निर्मल जैन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
पत्रकार वार्ता समाप्त होने के बाद करीब साढ़े तीन बजे पदाधिकारियों को सही से सूचना नहीं दिए जाने को लेकर विजय साव, ढेलू निषाद और निर्मल जैन के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक-दूसरे पर कुर्सियां चलाने लगे। मारपीट में तीनों के कपड़े फट गए। कांग्रेस भवन परिसर में टूटी हुई कुर्सियां और कांच के गिलास बिखर गए। मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विजय साव को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह भवन से जाने को तैयार नहीं थे। पुलिस के कड़े रुख के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। विजय साव की हरकत से नाराज कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के लिए रवाना हो गए।




