आपदा राहत: केंद्र ने छत्तीसगढ़ समेत प्रभावित राज्यों के लिए 1,912 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता जारी की

रायपुर। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति ने वर्ष 2025 में आई बाढ़, फ्लैश फ्लड, बादल फटने, भूस्खलन और चक्रवाती तूफान मोन्था से प्रभावित राज्यों के लिए 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। इस निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ को 15.70 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी।
यह राशि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष से जारी की जाएगी, ताकि प्रभावित राज्यों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। समिति के निर्णय के अनुसार छत्तीसगढ़ को 15.70 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई इस अतिरिक्त सहायता पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है।
केंद्र सरकार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार प्राकृतिक आपदाओं के समय राज्यों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। आपदा की स्थिति में प्रभावित राज्यों को त्वरित राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि यह अतिरिक्त सहायता पहले से उपलब्ध कराए गए संसाधनों के अतिरिक्त है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए राज्यों को बड़ी राशि पहले ही जारी की है।
स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड के तहत 28 राज्यों को 20,735.20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जबकि नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड के तहत 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
इसके अलावा आपदा जोखिम को कम करने और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाने के लिए स्टेट डिजास्टर मिटिगेशन फंड से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपये और नेशनल डिजास्टर मिटिगेशन फंड से 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।


