दही हांडी उत्सव में गूंजेगी भजनों की गूंज, रायपुर पहुंचे गायक लखबीर सिंह लक्खा

रायपुर। गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में 5 सितंबर को होने वाले भव्य दही हांडी उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन में भजन संध्या की प्रस्तुति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा शुक्रवार को रायपुर पहुंचे। उनके आगमन से श्रद्धालुओं और भजन प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
लखबीर सिंह लक्खा 5 सितंबर को आयोजित होने वाले समारोह में अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन समिति के अनुसार इस बार कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया गया है। उत्सव के दौरान पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीसयुक्त खंभा दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक बी प्राक और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं।
आयोजन समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि अवधपुरी मैदान में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। दही हांडी प्रतियोगिताओं, भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए शहरवासियों को एक भव्य आयोजन देखने को मिलेगा।
लखबीर सिंह लक्खा के रायपुर पहुंचने पर उनके स्वागत के लिए प्रकाश माहेश्वरी, पुष्पेंद्र उपाध्याय, आजाद गुर्जर, संजय अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, मनीष ठाकुर, वंश अग्रवाल और निखिल अग्रवाल समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



