उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का गीदम बाजार दौरा: कहा – “बस्तर में अब भय नहीं, विश्वास और विकास की पहचान”

गीदम (दंतेवाड़ा)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा आज अपने बस्तर संभाग के दौरे के दौरान गीदम पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय साप्ताहिक बाजार का दौरा किया। अपने सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले श्री शर्मा ने बाजार में घूमते हुए ग्रामीणों और व्यापारियों से आत्मीय मुलाकात की और उनके हाल-चाल पूछे।
बाजार में दिखा नया आत्मविश्वास...
बाजार भ्रमण के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने उपमुख्यमंत्री से कहा कि शासन की नीतियों से अब व्यापार करना आसान हुआ है। उन्होंने बताया कि जीएसटी दरों में कमी के बाद से सामान सस्ते हुए हैं, जिससे ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को राहत मिली है।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि अब नक्सल भय समाप्त होने से वे निडर होकर बाजार में व्यापार कर पा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों तक जरूरी वस्तुएं सही कीमत पर पहुंच रही हैं।
ग्रामीणों ने सराहा शासन के प्रयास...
ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा से कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से अब बस्तर में शांति और विकास की नई सुबह दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि नक्सली विचारधारा से भटके युवा अब मुख्यधारा में लौट रहे हैं, जिससे क्षेत्र में स्थायी शांति और भरोसे का माहौल बन रहा है।

स्थानीय स्वाद और आत्मीय संवाद...
गीदम बाजार में भ्रमण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्थानीय फलों का स्वाद लिया और आमजन से आत्मीय बातचीत की।
उन्होंने कहा —
“बस्तर की खुशहाली के लिए स्थायी शांति सबसे जरूरी है। यह सिर्फ शासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है कि विकास की यह रफ्तार लगातार बनी रहे।”
अधिकारियों की उपस्थिति...
इस अवसर पर बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।




