अरुण साव की सख्त चेतावनी – समय पर पूरे हों काम, दीपावली तक रोशन हों सभी वार्ड

नवा रायपुर के विश्राम भवन में शनिवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों की अहम बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि हर योजना और निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।

उन्होंने नगरीय निकायों में निर्माणाधीन अटल परिसर और नालंदा परिसरों की प्रगति तेज करने को कहा। साथ ही गौधाम योजना के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. और संचालक आर. एक्का भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि –
- किसी भी निकाय में कर्मचारियों को वेतन भुगतान में देरी न हो।
- प्रत्येक वार्ड में जनसंख्या के हिसाब से स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- दीपावली से पहले सभी वार्ड रोशनी से जगमगाएं, इसके लिए पार्षद निधि से प्रस्ताव लाने को कहा।
‘वीमेन फॉर ट्री’ अभियान में छत्तीसगढ़ को बड़ी सफलता...
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘वीमेन फॉर ट्री’ के तहत छत्तीसगढ़ को देश में दूसरे स्थान पर सर्वाधिक वृक्षारोपण की मंजूरी मिली है।
- 27 करोड़ 48 लाख की लागत से 444 परियोजनाओं को मंजूरी।
- एक लाख 66 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य।
- अब तक 1.33 लाख पौधरोपण (80%) पूरा, शेष सितम्बर अंत तक पूरा करने के निर्देश।
- पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी 1701 महिला समूहों को सौंपी गई है।
जल प्रदाय एवं शहरी विकास परियोजनाओं की समीक्षा...
उप मुख्यमंत्री ने 21 जल प्रदाय परियोजनाओं और एसटीपी निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने प्राक्कलन और निविदा प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही केंद्र की योजनाओं स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की गई और तय समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग और सूडा के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उप सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, सीईओ शशांक पाण्डेय, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य और मुख्य अभियंता राजेश शर्मा शामिल थे।