उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सायकल चलाकर फिट रहने और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव विश्व साइकिल दिवस पर आज जगदलपुर में आयोजित “संडे ऑन साइकिल” (Sunday on Cycle) कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान युवाओं के साथ साइकिलिंग की और जुम्बा गतिविधि का आनंद लिया। कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, फिट रहने और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया। सांसद श्री महेश कश्यप, महापौर श्री संजय पाण्डेय और कलेक्टर श्री आकाश छिकारा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने स्वयं साइकिल चलाकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि साइकिल हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है। दैनिक जीवन में साइकिल का उपयोग हमें फिट और ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
श्री साव ने कहा कि साइकिल पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत का भी एक सरल एवं प्रभावी माध्यम है। अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग कर हम प्रदूषण कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाने में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल हर दृष्टि से उपयोगी है और लोगों को अपनी दिनचर्या में इसका अधिकाधिक उपयोग करना चाहिए।



