बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग, रेल मंत्री ने दिया आश्वासन

रायपुर। बिलासपुर से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12441/12442) को सप्ताह में दो दिन के बजाय प्रतिदिन संचालित करने की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक सहमति जताई है।
संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री से औपचारिक मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की प्रमुख रेल आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी को दैनिक करने का विशेष आग्रह किया गया।
तर्क दिया गया कि ट्रेन के प्रतिदिन संचालन से छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली, महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा यात्रियों को समय की बचत के साथ बेहतर सुविधा मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए ट्रेन की फ्रीक्वेंसी शीघ्र बढ़ाने का आश्वासन दिया। छत्तीसगढ़ के यात्रियों के हित में यह कदम रेल सुविधाओं को नई गति प्रदान करेगा।


