संसद में गूंजी मोबाइल डेटा रोलओवर की मांग, राघव चड्ढा बोले- रात 12 बजे क्यों खत्म हो बचा हुआ डेटा?

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में जीरो आवर के दौरान मोबाइल डेटा रोलओवर और डेटा ट्रांसफर की सुविधा लागू करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यूजर्स को बचे हुए मोबाइल डेटा को अगले दिन के लिए कैरी फॉरवर्ड करने और आपस में डेटा ट्रांसफर करने की अनुमति मिलनी चाहिए।
राघव चड्ढा ने कहा कि वर्तमान में मोबाइल प्लान के तहत यूजर्स को प्रतिदिन तय डेटा लिमिट मिलती है, जो रात 12 बजे के बाद समाप्त हो जाती है। इससे बचा हुआ डेटा भी खत्म हो जाता है और यूजर्स उसका उपयोग नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से पूरे डेटा का शुल्क लिया जाता है, लेकिन बचा हुआ डेटा कंपनियों के पास ही रह जाता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल भरवाता है और उसका कुछ हिस्सा बच जाता है, तो उसे वापस नहीं लिया जाता। उसी तरह मोबाइल डेटा का भी पूरा उपयोग करने का अधिकार उपभोक्ताओं को मिलना चाहिए।
राघव चड्ढा ने कहा कि जो डेटा एक दिन में उपयोग नहीं हो पाता, उसे अगले दिन की लिमिट में जोड़ दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अमेरिका, यूरोप, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देशों में डेटा रोलओवर की सुविधा उपलब्ध है।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग रखी कि जिस तरह लोग एक-दूसरे को पैसे ट्रांसफर करते हैं, उसी तरह मोबाइल डेटा ट्रांसफर की सुविधा भी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा देश के करोड़ों मोबाइल उपभोक्ताओं से जुड़ा हुआ है और इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।



