दिल्ली शराब नीति मामला: राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने पर भावुक हुए अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से सभी आरोपों से बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए। कोर्ट के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इसे अपने खिलाफ रचा गया आज़ाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र बताया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने जीवन में केवल ईमानदारी की कमाई की है और उन पर झूठे आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि अदालत ने साफ कर दिया है कि केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं। यह कहते हुए वे भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शराब घोटाले का मुद्दा उछालकर उन्हें और उनकी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश की गई। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची गई, लेकिन आज सच्चाई सामने आ गई। उन्होंने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि सत्य की जीत हुई है।
गौरतलब है कि राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दोनों को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले को आम आदमी पार्टी के लिए बड़ी कानूनी राहत माना जा रहा है। पार्टी नेताओं ने फैसले को न्याय और सत्य की जीत बताया है।


