जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक: आम जनता, किसानों और कारोबारियों को बड़ी राहत – CM साय ने बताया ऐतिहासिक फैसला

देशभर में जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। इस बैठक में सरकार ने दिवाली से पहले आम जनता, छोटे कारोबारियों और किसानों को बड़ी राहत दी है। अब जीएसटी की दरें केवल 5% और 18% तक सीमित रहेंगी। वहीं, कई रोजमर्रा की चीजों को टैक्स फ्री कर दिया गया है।
रोटी, दूध, पनीर जैसे ज़रूरी सामान अब जीरो जीएसटी श्रेणी में आ गए हैं। इससे सीधे तौर पर मध्यमवर्गीय और निम्नवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
CM विष्णु देव साय ने फैसले को बताया ऐतिहासिक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जीएसटी सुधारों को जनता के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा –
“आयकर में ₹12 लाख तक की छूट के बाद अब जीएसटी में भारी कमी की गई है। इससे रोजमर्रा की चीजें सस्ती होंगी और नागरिकों का जीवन आसान बनेगा। यह फैसला उद्योग-व्यापार को नई ऊर्जा देगा और देश की अर्थव्यवस्था को गति देगा।”
ओपी चौधरी ने भी किया समर्थन
बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह कदम ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, वित्तीय स्थिरता और देश की आर्थिक वृद्धि की दिशा में बड़ा फैसला है।
जीएसटी में हुए अहम बदलाव
- रोटी, दूध, पनीर और दवाओं समेत कई ज़रूरी चीजें अब टैक्स फ्री।
- ट्रैक्टर के कुछ पार्ट्स पर जीएसटी 18% से घटाकर 5% किया गया।
- पहले ट्रैक्टर पर 12% टैक्स लगता था, अब केवल 5% ही लगेगा।
- शिक्षा से जुड़े सामानों पर भी टैक्स फ्री राहत।



