Delhi Fire Tragedy: इलाज कराने आए लोगों पर टूटा मौत का कहर, मालवीय नगर अग्निकांड में 21 की मौत

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और उससे जुड़े गेस्ट हाउस में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मृतकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक, खासकर अफ्रीकी मूल के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट के ऊपर एक गेस्ट हाउस संचालित किया जा रहा था। इसके ठीक सामने मैक्स हॉस्पिटल स्थित है। अस्पताल में इलाज कराने आए कई मरीजों के परिजन इसी गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। बुधवार सुबह नाश्ते के समय रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में 60 से ज्यादा लोग मौजूद थे। इसी दौरान आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और ऊपरी मंजिलों से नीचे कूद गए। दमकल विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
इस बीच जांच में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि गेस्ट हाउस के पास केवल 6 कमरों का लाइसेंस था, लेकिन वहां करीब 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस के संचालक टिंकू बजाज घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। यह बिल्डिंग एक निजी निर्माण कंपनी से जुड़ी बताई जा रही है।
आग लगने के कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। हालांकि रेस्टोरेंट के एक शेफ ने दावा किया है कि इलेक्ट्रिक चूल्हे में धमाके के बाद आग भड़की थी। पुलिस, फायर विभाग और अन्य जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
दिल्ली Fire News के इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर व्यावसायिक भवनों में Fire Safety, Emergency Exit और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।


