कांग्रेस नेता के पुत्र पर जानलेवा हमला: भेल खाते समय पुरानी रंजिश में युवकों ने चलाया चाकू, शहर में दहशत

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवकों को घेरकर मारपीट की, जिसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास का बेटा आदित्य श्रीवास और उसके चार दोस्त घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कोनी निवासी आदित्य श्रीवास अपने दोस्तों के साथ लखीराम ऑडिटोरियम के पास भेल खाने गया था। वहां पहले से युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता, निखिल नागवानी और उनका एक साथी मौजूद थे। आदित्य और उसके दोस्तों को देखते ही दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज शुरू हो गई और विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में आदित्य सहित उसके तीन साथियों को गंभीर चोटें आईं। आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल किम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया और परिजनों को सूचना दी गई।
बताया गया है कि दोनों गुटों के बीच पहले भी कोनी और राजेंद्रनगर चौक में विवाद हो चुका था, लेकिन उस समय मामला मारपीट तक सीमित रहा था। तीसरी बार विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। पुलिस ने हमलावर युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।



