56 दिन बाद डांस टीचर हत्याकांड का खुलासा, नाबालिग को लिया गया अभिरक्षा में

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में करीब दो महीने पहले हुए डांस टीचर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 56 दिनों तक चली गहन जांच, हजारों मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया है। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक शिक्षक नाबालिग पर अनैसर्गिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर नाबालिग ने यह वारदात अंजाम दी।
जानकारी के मुताबिक, 17 जनवरी 2026 को थाना कवर्धा क्षेत्र में लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि युवक की गले पर चाकू से वार कर हत्या की गई है। मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी 27 निवासी वार्ड नंबर 26 घोठिया रोड कवर्धा के रूप में हुई। वह पेशे से डांस शिक्षक था और पांडातराई क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बच्चों को डांस सिखाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान लगभग 50 हजार मोबाइल नंबरों के कॉल डाटा का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने मृतक के परिचितों समेत 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की और कई संदिग्धों से भी पूछताछ की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों और इंस्टाग्राम सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की भी जांच की। लगातार तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस का संदेह एक नाबालिग पर गया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक और नाबालिग के बीच पिछले तीन महीनों से जान पहचान थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन नाबालिग ने व्हाट्सएप कॉल कर सत्यमदास को बुलाया और स्कूटी से उसे घटना स्थल तक ले गया। वह पहले से अपने साथ चाकू लेकर गया था। मौके पर पहुंचते ही उसने गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे सत्यमदास की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन और सिम कार्ड नदी में अलग अलग स्थानों पर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, चाकू, खून से सने कपड़े और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। सिम कार्ड की तलाश अभी जारी है।
पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल की जांच भी की है, जिसमें अपराध और मनोविज्ञान से जुड़े कई इंटरनेट सर्च सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


