क्रिकेट सट्टे का किंगपिन बेनकाब: बाबू खेमानी के ठिकाने पर छापा, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

रायपुर में क्रिकेट सट्टे के मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के घर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गंज थाना और क्राइम ब्रांच की 10 टीमों ने आमानाका के मारुति एनक्लेव स्थित मकान में छापा मारा। जांच के दौरान घर में उसकी पत्नी, भाई करण की पत्नी और मां मौजूद मिलीं। छापे में बीएमडब्ल्यू और क्रेटा समेत 5 महंगी कारें, रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर एक एकड़ जमीन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने परिवार के बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है और लेनदेन खंगाले जा रहे हैं।
50 से ज्यादा फर्जी आईडी, सोशल मीडिया से जुड़ा नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाबू और उसका भाई करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए 50 से ज्यादा अलग-अलग आईडी चला रहे थे। इसके लिए कई फर्जी खातों का इस्तेमाल किया गया। बाबू पहले महादेव ऐप से जुड़ा था और बाद में खुद का नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू आपत्तिजनक वीडियो भी बनाता था। मामले में शहर के पूर्व महापौर के भतीजे से उसकी करीबी भी सामने आई है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।


