फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर दंपती ने की 22.70 लाख की धोखाधड़ी, मंत्रालय में नौकरी लगवाने का दिया था भरोसा

रायगढ़। मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 22 लाख 70 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताकर पीड़ितों से रकम वसूली। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित समारू राम टंडन (51) की मुलाकात रायपुर में आरोपी राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई थी। इस दौरान राम ठाकुर ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताते हुए मंत्रालय में पहचान होने का दावा किया।
आरोपी ने सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर पीड़ित से उसके बेटे को डेटा एंट्री पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लिए। साथ ही पीड़ित के परिचितों से भी नौकरी लगवाने के लिए रकम वसूली गई।
पैसे लेने के बाद आरोपी ने सभी को अपने घर बुलाकर नियुक्ति पत्र तो दे दिए, लेकिन जॉइनिंग को लेकर लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी नियुक्ति नहीं होने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



