विजेता को लेकर विवाद, दंगल में हंगामा और मारपीट

दतिया। इंदरगढ़ के ग्राम पचोखरा में आयोजित दंगल उस समय हंगामे में बदल गया, जब विजेता को लेकर पहलवान और रेफरी के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और पहलवानों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इससे मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुकाबला खत्म होने के बाद विजेता घोषित करने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई। रेफरी के फैसले से असंतुष्ट एक पक्ष ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया है। किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।



