जबलपुर में प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति के आपत्तिजनक पोस्टर पर विवाद, युवा कांग्रेस के खिलाफ मामला दर्ज

जबलपुर: शहर के व्यस्ततम इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े आपत्तिजनक पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। मढ़ाताल और पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में यूनिपोल पर लगाए गए इन एआई जनरेटेड पोस्टरों में एपस्टीन फाइल्स और अडानी मामले का जिक्र किया गया है। इन पोस्टरों में प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
युवा कांग्रेस पर पोस्टर लगाने का आरोप
इस मामले में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस पर पोस्टर लगाने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि इन पोस्टरों को एमपी यूथ कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भी साझा किया गया है। पोस्टरों के सार्वजनिक होते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और संबंधित स्थलों से इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री की शिकायत पर जबलपुर के ओमती थाने में कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 197(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जो एमपी यूथ कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज का संचालन करते हैं।
जांच में जुटी पुलिस
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्तियों का दुरुपयोग कर इस तरह के भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टर लगाना नियमों का उल्लंघन है। पुलिस सोशल मीडिया के साक्ष्यों और स्थानीय सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में भी तनाव देखा जा रहा है।



