
नई दिल्ली। असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में 23 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इससे पहले कांग्रेस 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी थी। इसके साथ ही अब तक पार्टी कुल 65 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है।
126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए कांग्रेस ने 15 सीटें अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं। इनमें प्लासबारी, गुवाहाटी सेंट्रल, मोरीगांव, गोरेश्वर और ब्रह्मपुर जैसी सीटें शामिल हैं।
पार्टी की ओर से जारी दूसरी सूची में पूर्व सांसद अब्दुल खालिक समेत प्रदेश इकाई के कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने इससे पहले 3 मार्च को 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पहली सूची में प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया गया था।
दूसरी सूची के अनुसार, पूर्व सांसद अब्दुल खालिक को मंडिया विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं शांतनु बोरा को न्यू गुवाहाटी, नूरुल इस्लाम को श्रीजनगराम, डेविड फूकन को तिनसुकिया और बिपुल गोगोई को टिंगखोंग सीट से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस ने चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही उम्मीदवारों की दो सूचियां जारी कर दी हैं। माना जा रहा है कि असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल-मई के दौरान हो सकते हैं।
उधर, चुनाव आयोग की टीम पांच राज्यों के चुनावी दौरों को पूरा कर चुकी है। आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग ने संबंधित राज्यों में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की है।


