भारत मंडपम में एआई समिट के बीच कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा बोली- यह भारत की उपलब्धि के खिलाफ विरोध है

नई दिल्ली। एआई इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इंडो-यूएस ट्रेड डील के विरोध में नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि वे कार्यक्रम स्थल में पास या क्यूआर कोड के जरिए प्रवेश किए थे या नहीं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर साबित किया है कि उसके लिए एआई महत्वाकांक्षी या आकांक्षी भारत नहीं, बल्कि एंटी-इंडिया है। उन्होंने कहा कि एआई समिट की दुनिया भर में सराहना हो रही है और इसे देश की उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस तथा तकनीकी क्षेत्र के प्रमुख लोग सैम ऑल्टमैन और सुंदर पिचाई तक कार्यक्रम की प्रशंसा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शशि थरूर ने भी समिट की सराहना की, जबकि राहुल गांधी के कहने पर कांग्रेस विरोध कर रही है।



