राज्य स्तरीय खेल की अधूरी तैयारी, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था नहीं

बिलासपुर। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले अन्य राज्यों के खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था तक नहीं की गई है। मैदानों की हालत खराब है। साफ-सफाई के अभाव में गंदगी फसरी हुई है। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ ओलंपिक खेल के कारण बहतराई स्टेडियम में पहले से ही संभाग के सभी खिलाड़ियों की मौजूदगी है।
स्कूल विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के उदासीनता के चलते खिलाड़ियों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है। गुरुवार को राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन होना है। पांच संभाग के 194 खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में शामिल होंगे। सरगुजा की टीम रात तक बिलासपुर पहुंची। खिलाड़ियों के सामने रात गुजारने के लिए भवन की समस्या खड़ी हो गई।
विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी व्यवस्था बनाने के लिए ध्यान नहीं दे रहे हैं। अधिकारियों ने मैदान की सफाई तक नहीं करवाई है। चारों तरफ गंदगी फैली है। अव्यवस्था के बीच में खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राजा रघुराज सिंह स्टेडियम, पुलिस ग्राउंड, छत्तीसगढ़ स्कूल, बहतराई स्टेडियम में खेलों का आयोजन किया जाना है। मैदान के चारों तरफ अव्यवस्था का माहौल है।
क्रिकेट 14 वर्ष बालक, कबड्डी 17,19 बालक-बालिका, बेसबाल 17, 19 बालक बालिका, हाकी 17 बालक- बालिका, टेबल टेनिस 14, 17, 19 बालक-बालिका का मैच होगा। प्रदेश के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के 194 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनके साथ कोच व टीम मैनेजमेंट के सदस्य भी हैं, जो अव्यवस्था का सामना कर रहे हैं। जेडी कार्यालय के खेल प्रभारी से लेकर जिला शिक्षा अधिकारी व जिला खेल अधिकारी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए गंभीर नहीं हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डीके कहना है कि राज्य स्तरीय खेल के लिए तैयारी कर ली गई है। दूसरे संभाग के खिलाड़ी आ रहे हैं। अव्यवस्था की शिकायत नहीं मिली है। आयोजन के लिए स्टाफ जुटे हुए हैं।