उत्तर से आ रही ठंडी हवाएं, 28 नवंबर से बढ़ेगी ठंड..मौसम विभाग ने शीतलहर की दी चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के प्रभाव से बुधवार रात से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार यह गिरावट 28 नवंबर तक जारी रहेगी, जिसमें पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि हवा की दिशा में बदलाव से ठंड की वापसी होगी। प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। उत्तरी छत्तीसगढ़ के लिए बुधवार को शीत लहर की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटों में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहेगा और तापमान 16 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 नवंबर के बाद फिर तापमान बढ़ने लगेगा। फिलहाल उत्तरी जिलों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है। (298 शब्द)



