छत्तीसगढ़ में ठंड का कहर, शीतलहर का यलो अलर्ट, 28 दिनों में ठंड से 3 मौतें

रायपुर। हिमालय से आ रही ठंडी हवाओं के चलते छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सूरज ढलते ही तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसका प्रभाव लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते 28 दिनों में प्रदेश में ठंड के कारण तीन लोगों की मौत हो चुकी है। कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, जबकि सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है।
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां पैरावट पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ का रूप ले रही हैं। इलाके में रात का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है, विशेषकर मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में।
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, बेमेतरा और रायपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।



