छत्तीसगढ़ में ठंड और घने कोहरे का कहर, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रात की कड़ाके की ठंड और सुबह के घने कोहरे का असर पूरे प्रदेश पर पड़ रहा है। बिलासपुर तथा रायपुर को छोड़कर सभी क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। सबसे अधिक प्रभावित अंबिकापुर क्षेत्र है तथा आने वाले दिनों में ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है। सरगुजा संभाग के कई इलाकों में सुबह होने के बाद भी विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है। रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कोहरे का असर दिखाई दे रहा है।
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस तथा रायपुर में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का समग्र न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है तथा इसमें निकट भविष्य में बढ़ोतरी की संभावना नगण्य है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। मध्य तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, इसके बाद आगामी तीन दिनों में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है।
कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। रविवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, रायगढ़, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर तथा बलरामपुर जिलों के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है तथा इनके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा मुंगेली जिलों के एक-दो स्थानों पर मध्यम कोहरा रहने की संभावना पर यलो अलर्ट जारी है। इसी तरह 22 दिसंबर तक उक्त उत्तरी जिलों में घने कोहरे की संभावना बनी हुई है।



