पुलिस की कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रही कोयला चोरी, SECL प्रबंधन की चुप्पी पर सवाल

सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित SECL की अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का मामला सामने आया है। खदान से कोयला चोरी करते हुए महिला, पुरुष और बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण खदान परिसर में घुसकर खुलेआम कोयला निकालते हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयले की चोरी की जा रही है, जिससे सरकारी खजाने को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
खदान कर्मियों पर हमले की सूचना
बताया जा रहा है कि जब खदान कर्मी चोरी को रोकने का प्रयास करते हैं, तो ग्रामीणों द्वारा उन पर हमले किए जाते हैं, जिससे खदान कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। चोरी किए गए कोयले को बाइक और छोटे वाहनों के जरिए आसपास के ईंट भट्ठों में सप्लाई किया जाता है। इस अवैध कारोबार में कई लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
SECL प्रबंधन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि SECL प्रबंधन और प्रशासन की ओर से अब तक इस पर काबू पाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि, पूर्व में पुलिस ने कुछ ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन इसके बावजूद कोयला चोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के मीम और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।



