गांधी-शास्त्री जयंती पर सीएम विष्णुदेव साय ने किया नमन, कहा – “सत्य, सादगी और सेवा ही राष्ट्र की असली ताकत”

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सीएम साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से भारत को आज़ादी की नई दिशा दी। उनका जीवन संदेश देता है कि दृढ़ निष्ठा और सत्याग्रह से किसी भी कठिनाई का सामना किया जा सकता है। गांधी जी के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने और एक बेहतर भविष्य गढ़ने में प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सादगी और सेवा को सर्वोपरि रखा। “जय जवान – जय किसान” का नारा देकर उन्होंने देश के जवानों और किसानों को भारत की असली ताकत बताया। उनकी निष्ठा और ईमानदारी हमेशा नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।