जापान दौरे का तीसरा दिन : CM विष्णुदेव साय ने किया बस्तर के अविनाश तिवारी से मुलाकात…

रायपुर/टोक्यो। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जापान दौरे का आज तीसरा दिन है। इस दौरान उन्होंने टोक्यो में बस्तर के होनहार युवा अविनाश तिवारी से मुलाकात की। सीएम ने अविनाश की उपलब्धियों को छत्तीसगढ़ का गौरव बताया और कहा कि बस्तर का यह बेटा आज पूरी दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहा है।
अविनाश तिवारी मूल रूप से तोकापाल (बस्तर) के निवासी हैं और नवोदय विद्यालय, बारसूर (दंतेवाड़ा) के पूर्व छात्र रहे हैं। वर्तमान में वे जापान की प्रतिष्ठित Boyes & Moores International Company में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को गर्व का क्षण बताते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि अविनाश जी ने बड़े उत्साह के साथ अपनी प्रेरणादायी जीवन यात्रा साझा की और छत्तीसगढ़ में उद्योग निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
महात्मा गांधी स्मारक को किया नमन...
अपने प्रवास के दौरान सीएम साय ने टोक्यो स्थित महात्मा गांधी स्मारक पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि “बापू का शांति और सद्भाव का अमर संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्त्रोत है।”