55 महतारी सदनों का एकसाथ लोकार्पण, महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना महतारी सदन अब जमीन पर उतरने लगी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 23 सितम्बर 2025 को प्रदेशभर में एक साथ 55 महतारी सदनों का लोकार्पण किया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 208 महतारी सदनों में से अब तक 55 का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रतनपुर और बरदर में निर्मित महतारी सदनों का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किया।
महिलाओं को मिला नया सशक्तिकरण केंद्र...
बरदर और रतनपुर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह इलाका ऐतिहासिक और गौरवशाली धरोहरों से जुड़ा है। ऐसे क्षेत्र में महतारी सदन की शुरुआत होना स्थानीय लोगों के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने महिलाओं को 50% आरक्षण और रजिस्ट्री शुल्क में छूट देकर सशक्त बनाया था, वहीं वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना के जरिए हर महिला को प्रतिमाह 1000 रुपए की सहायता राशि प्रदान कर महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।
‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान...
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जिले में महिलाओं और पुरुषों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एमसीबी जिले में अब तक 27 हजार मकान बन चुके हैं और 67 हजार निर्माणाधीन हैं।

इसी तरह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और जनमन योजना से जिले में 100 से अधिक सड़कों का निर्माण और नवीनीकरण पूरा हो चुका है। वहीं किसानों को धान खरीदी में 3100 रुपए प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।
क्षेत्र को मिलेगी नई सौगातें...
मंत्री जायसवाल ने कार्यक्रम के दौरान विकास की कई घोषणाएं भी कीं—
- बरदर डेम में नौका विहार की शुरुआत
- बरदर शिव मंदिर के लिए 5 लाख रुपए की स्वीकृति
- 19 ग्राम पंचायतों में पीडीएस भवन निर्माण
- 9 स्थानों पर नए महतारी सदन
- नई सड़कों का निर्माण
उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल महिलाओं के आर्थिक उत्थान का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरे समाज को आत्मनिर्भर और विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम करेगा।