छत्तीसगढ़ में 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सुदर्शन चैनल के विशेष कार्यक्रम में साक्षात्कार के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का प्रमुख उद्देश्य नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन और विकास की दिशा में जनता का विश्वास जीतना है।
उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के जरिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का काम हो रहा है। अब तक 327 गांव आबाद हो चुके हैं और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को रोजगार से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा –
सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है और इसके लिए संयुक्त टास्क फोर्स बनाकर लगातार कार्रवाई हो रही है।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प...
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार भी “विकसित अंजोर विजन डॉक्यूमेंट 2047” तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रहे हैं और सभी को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सहयोग करना होगा।
बस्तर में विकास की नई राह...
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर के आदिवासियों को देश-दुनिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
- तेंदूपत्ता खरीदी सहकारी समितियों के माध्यम से की जा रही है।
- बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजन कर लोगों को नक्सली विचारधारा से दूर कर विकास की धारा में जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि 1 लाख 65 हजार लोगों की भागीदारी इस बात का सबूत है कि बस्तर अब विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहता है।
जापान और कोरिया से निवेश प्रस्ताव...
मुख्यमंत्री ने अपनी विदेश यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान और कोरिया में हुए कार्यक्रमों के दौरान 150 से अधिक उद्यमियों से संपर्क हुआ।
- छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने के लिए 7 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
- नई उद्योग नीति में रोजगार को प्राथमिकता दी गई है।
- प्रदेश की 44% भूमि वन क्षेत्र है, जो हर्बल और आयुर्वेदिक उद्योगों के लिए बड़ी संभावना प्रस्तुत करती है।
साथ ही उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। 15 मेडिकल कॉलेज, IIT, NIT, IIM और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना से अब छात्रों और मरीजों को प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
गौवंश की सुरक्षा पर सीएम का संदेश...
मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की कि गायों को सड़कों पर लावारिस न छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं से बचने और गोवंश की रक्षा करना सबका दायित्व है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि गोचर भूमि पर अवैध कब्जा हटाने की सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्यवाही की जाएगी।