दादाबाड़ी पहुंचे CM विष्णुदेव साय ने महावीर जयंती पर दिया बड़ा बयान, बोले- ‘निर्णायक मोड़ पर है नक्सलवाद का अंत’, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को राजधानी के एमजी रोड स्थित दादाबाड़ी तीर्थ में आयोजित भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने दादाबाड़ी परिसर स्थित जिनमंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज सेवा, पत्रकारिता और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को जैन रत्न अलंकरण से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरणा का कार्य करते हैं।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान महावीर का सत्य और अहिंसा का संदेश मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने इसे एक सुखद संयोग बताया कि महावीर जयंती के अवसर पर देश नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में निर्णायक सफलता की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा है, जिसके कारण बस्तर जैसे समृद्ध क्षेत्र को लंबे समय तक विकास से वंचित रहना पड़ा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति की सराहना करते हुए प्रार्थना की कि प्रदेश में शांति और विकास का वातावरण सदैव बना रहे।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुशासन के संकल्प के साथ विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और रामलला दर्शन योजना जैसी महत्वपूर्ण गारंटियों को पूरा करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जैन समाज द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे अनुकरणीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार का अंतिम लक्ष्य छत्तीसगढ़ को एक विकसित और समृद्ध प्रदेश बनाना है। इस कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत सहित जैन समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



