मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में श्रमिक महासम्मेलन और प्रदर्शनी का किया अवलोकन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के इंडोर स्टेडियम में श्रम विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। छत्तीसगढ़ की रजत जयंती और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्रम विभाग द्वारा 12 से 19 सितम्बर तक प्रदेश के सभी जिलों में 55 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में श्रमिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, पंजीयन और नवीनीकरण की सुविधा दी जा रही है।
कौशल प्रशिक्षण और सुरक्षा...
मुख्यमंत्री ने महासम्मेलन स्थल पर श्रमिकों के लिए सुरक्षा संबंधी सामग्री और विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कर्मचारी राज्य बीमा सेवाओं द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जबकि श्रम कल्याण मंडल ने श्रमिकों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए।

निर्माण श्रमिकों के कौशल उन्नयन के लिए महासमुंद, बिलासपुर और राजनांदगांव जिलों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। अन्य जिलों में भी प्रशिक्षण देने की तैयारी जारी है।
श्रमिकों को सीधे लाभ...
श्रमिक महासम्मेलन में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत करोड़ों रुपये की सहायता राशि हितग्राहियों के खातों में सीधे जमा की गई:
- भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल: 1.77 लाख श्रमिकों को 58.32 करोड़ रुपये
- असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल: 3,839 श्रमिकों को 4.77 करोड़ रुपये
- श्रम कल्याण मंडल: 3,332 श्रमिकों को 2.06 करोड़ रुपये
सहायता राशि दीदी ई-रिक्शा योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, श्रमिक औजार सहायता, सिलाई मशीन सहायता और सायकल सहायता जैसी योजनाओं के तहत सीधे खातों में प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन और उनके कौशल विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। ये प्रयास सशक्त, सुरक्षित और प्रशिक्षित श्रमिक समुदाय के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।