मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सपरिवार की गोवर्धन पूजा, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

जशपुर। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने गृह क्षेत्र बगिया (जशपुर) स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में सपरिवार गोवर्धन पूजा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की माता श्रीमती जसमनी देवी साय, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि
“गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस प्रेरणादायी लीला की याद दिलाती है, जब उन्होंने गोकुलवासियों को संकट से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर धारण किया था।”
सीएम साय ने आगे कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एकता, कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। जब समाज एकजुट होकर विश्वास और सहयोग की भावना से कार्य करता है, तब कोई भी संकट अजेय नहीं रहता।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारे जीवन में गोसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सह-अस्तित्व की भावना को पुनः जागृत करती है। गाय भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो हमारे ग्रामीण जीवन, कृषि और आस्था — तीनों की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौवंश और प्रकृति की रक्षा के लिए संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक संतुलित और समृद्ध समाज का निर्माण हो सके।