मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गृह ग्राम बगिया में मनाई दीपावली, लोगों से मिले और सुनी समस्याएं

दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने गृह ग्राम बगिया (जशपुर) में आमजन से मुलाकात कर उन्हें दीप पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, किसान, महिला समूह और छात्र उपस्थित हुए।
मुख्यमंत्री ने सभी का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि
“दीपावली का यह पर्व प्रकाश, सद्भाव और खुशहाली का प्रतीक है। यह हमें समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।”
लोगों से मिले, सुनी समस्याएं और दिए निर्देश...
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानीं और विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन पत्र स्वयं प्राप्त किए। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदन का त्वरित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

सीएम ने कहा कि जनता की भागीदारी और संवाद ही सुशासन की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आत्मीयता और संवाद से भरा रहा माहौल...
गृह ग्राम बगिया में दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। मुख्यमंत्री साय ग्रामीणों से खुले मन से मिले, बच्चों का हालचाल जाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आत्मीय संवाद के दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा जताया और प्रदेश के विकास के लिए शुभकामनाएं दीं।

सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे “वोकल फॉर लोकल” की भावना से स्थानीय उत्पादों को अपनाएं, जिससे कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिले और प्रदेश आत्मनिर्भर बने।