मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के धार जिले से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से हजारों महिलाओं के साथ वर्चुअली जुड़कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और पोषण कैलेंडर का विमोचन किया। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत की नींव नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान पर टिकी है। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें टीबी, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों की नि:शुल्क जांच और दवा उपलब्ध होगी।

प्रधानमंत्री ने माताओं और बहनों से अपील की कि वे इन शिविरों में भाग लें ताकि किसी भी महिला को जानकारी के अभाव में गंभीर बीमारी का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 4.5 करोड़ से अधिक महिलाओं को 19,000 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री का संदेश...
सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाएं नारी शक्ति और मातृ स्वास्थ्य के संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं की टीबी, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच और दवा उपलब्ध कराई जाएगी।

सीएम साय ने पीएम मित्र पार्क और पीएम विश्वकर्मा योजना का भी उल्लेख किया, जो युवाओं और कारीगरों को रोजगार और पहचान प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों के परिणामस्वरूप 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
पोषण रथ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान...
मुख्यमंत्री ने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ प्रदेश के जिलों का भ्रमण कर माताओं-बहनों को पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी जानकारी देगा। इसके अलावा, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत चंदन का पौधा लगाया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति...
उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।