सावन में श्रद्धा की गूंज: रायपुर में निकली भव्य कांवड़ यात्रा, मुख्यमंत्री ने किया रुद्राभिषेक…

रायपुर| मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सावन मास के पवित्र अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर छत्तीसगढ़ प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “आज हजारों शिवभक्त गुढ़ियारी के मारुति मंगलम भवन से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक जलाभिषेक के लिए रवाना हुए हैं। यह आयोजन हमारे छत्तीसगढ़ की गौरवमयी सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने का महत्वपूर्ण कार्य करता है और हमारी लोक-विश्वास की गहराई को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा, “सावन महीने में कांवड़ यात्रा शिवभक्तों की भक्ति, आस्था और समर्पण का प्रतीक है। श्रद्धालु बड़े पैमाने पर पदयात्रा करते हुए भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करते हैं। रायपुर का महादेव घाट इस धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का एक अहम हिस्सा है, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में जलाभिषेक हेतु एकत्र होते हैं।”
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और भक्ति के अद्वितीय संगम की बात करते हुए कहा, “यह आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को संरक्षित करता है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक जागरूकता और सामाजिक समरसता का संदेश भी देता है।”
इस ऐतिहासिक आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।