मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीएम मोदी को दिया ‘अमृत रजत महोत्सव’ का न्योता, मंत्रिमंडल विस्तार पर भी दिया बड़ा संकेत…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी 1 नवंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले ‘अमृत रजत महोत्सव’ में प्रधानमंत्री को बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का निमंत्रण सौंपा।
मोदी और शाह से मुलाकात...
मुख्यमंत्री ने इस दौरे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। साथ ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से भी राजनीतिक और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। दिल्ली दौरे के बाद मुख्यमंत्री आज रायपुर लौट आए हैं।
कृषि विश्वविद्यालय में करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ...
मुख्यमंत्री साय शनिवार को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त किसानों को जारी करेंगे।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिया संकेत…
रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री साय ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“इंतजार कीजिए, जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।”
भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ हुई मुलाकात में इस विषय पर भी चर्चा की संभावना जताई जा रही है।