रजत जयंती वर्ष में छत्तीसगढ़ को नई पहचान, विधानसभा अध्यक्ष ने सीएम विष्णु देव साय को लोकार्पण समारोह का दिया आमंत्रण

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी 1 नवम्बर को होने वाले नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया और औपचारिक निमंत्रण पत्र भेंट किया।

भेंट के दौरान मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार जताते हुए कहा कि—
“यह हमारे लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि राज्य निर्माण की रजत जयंती वर्ष पर छत्तीसगढ़ को एक भव्य और आधुनिक विधानसभा भवन की सौगात मिलने जा रही है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से होने वाला इस भवन का लोकार्पण राज्य के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक परंपराओं, विकास यात्रा और जनभावनाओं का प्रतीक बताया।
1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में बनने वाले इस अत्याधुनिक विधानसभा भवन का लोकार्पण एक ऐतिहासिक क्षण होगा, जिसका साक्षी पूरा प्रदेश बनेगा।



