सीएम साय ने नन्हें कृष्ण-राधा संग मनाई जन्माष्टमी, बच्चों की झांकियों ने मोहा मन…

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस बार जन्माष्टमी का पर्व राजधानी रायपुर के बैरनबाज़ार स्थित आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ मनाया। नन्हें-मुन्नों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर जब मंच पर अपनी मनमोहक झांकियां और कृष्ण-लीला प्रस्तुत की, तो माहौल भक्ति और उल्लास से भर उठा।
मुख्यमंत्री निवास को इस अवसर पर फूलों, रंग-बिरंगी रोशनियों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया था। बच्चे अपनी मासूम अदाओं और आकर्षक वेशभूषा से सबका मन मोहते रहे। मुख्यमंत्री साय ने बच्चों के साथ पूजा-अर्चना की और प्रदेश की शांति, समृद्धि व विकास की मंगलकामना की।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीला हमें धर्म, नीति और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती है। प्रदेश की जनता की मेहनत और आस्था के बल पर छत्तीसगढ़ लगातार प्रगति कर रहा है। हमारा लक्ष्य है कि कृष्ण के उपदेशों से प्रेरणा लेकर राज्य को न्याय, सद्भाव और विकास की ऊँचाइयों तक पहुँचाएं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट, प्रसाद और शिक्षण सामग्री भेंट की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय वास्तव, मितुल कोठारी, सुनील पिल्ले, मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।