जशपुर में विकास की नई छलांग: चार पुलों के निर्माण के लिए 13.69 करोड़ की स्वीकृति, ग्रामीणों को मिलेगा आवागमन का तोहफ़ा

रायपुर/जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले में विकास की रफ्तार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने जिले के चार प्रमुख नालों पर पुल निर्माण कार्य के लिए कुल 13 करोड़ 69 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह पहल न केवल ग्रामीण इलाकों में आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि बरसात के मौसम में संपर्क मार्गों के बाधित न होने को भी सुनिश्चित करेगी।
इन मार्गों पर होगा निर्माण...
सरकार द्वारा जिन मार्गों और स्थानों पर पुल निर्माण की मंजूरी दी गई है, उनमें शामिल हैं —
- दुलदुला एल-025 से बनगांव मार्ग के लिए ₹3.60 करोड़
- चटकपुर से बकुना मार्ग के लिए ₹2.71 करोड़
- मुड़ाअम्बा मुड़ा नाला पुल के लिए ₹2.69 करोड़
- फरसाबहार के रायअम्बा से मकरीबंधा कुसुमनाला पुल के लिए ₹4.67 करोड़
ग्राम विकास को नई दिशा...
इन पुलों के निर्माण से गांवों के बीच आवागमन में सुविधा के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में भी व्यापक सुधार होगा। ग्रामीणों को अब बारिश के दिनों में आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने जताया आभार...
क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम जशपुर जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस परियोजना से न केवल जनजीवन आसान होगा, बल्कि बेहतर भविष्य की संभावनाएँ भी साकार होंगी।



