कांग्रेस ने उठाए पत्नी के पासपोर्ट पर सवाल तो भड़के सीएम हिमंत, पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उनके परिवार पर लगाए गए विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से मिली भ्रामक जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के खिलाफ झूठे आरोप लगाए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी पत्नी ने इन आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह आरोप असम विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से लगाए गए हैं और इस तरह की हरकतों के लिए सख्त सजा का प्रावधान है।
दरअसल, असम में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री की पारिवारिक संपत्ति और वित्तीय लेन-देन पर सवाल उठाए थे।
कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इन आरोपों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री की पत्नी के पास कथित तौर पर एक से अधिक देशों के पासपोर्ट होने का दावा किया था। साथ ही केंद्र सरकार और गृहमंत्री पर भी सवाल खड़े किए गए थे।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति मामूली शुल्क देकर किसी के नाम पर कंपनी पंजीकृत कर सकता है और इसी तरह भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से प्राप्त दस्तावेजों और तस्वीरों का इस्तेमाल कर गलत जानकारी फैलाने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश का हिस्सा हैं और इसकी जांच जरूरी है।



